सुरजेवाला का आरोप- कलराज मिश्र ने कार्यकर्ताओं को धमकाया, भाजपा ने कहा- झूठ बोलना बंद करो

लोकसभा चुनाव 2019 को जीतने के लिए जहां भारतीय जनता पार्टी हर संभव कोशिश कर रही है वहीं फरीदाबाद में स्थानीय सांसद के प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। रविवार को भाजपा की हरियाणा में पहली विजय संकल्प रैली में फरीदाबाद के निवर्तमान सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
जिस समय कृष्णपाल गुर्जर के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे उस वक्त हरियाणा मामलों के प्रभारी कलराज मिश्र भी मौजूद थे। नारेबाजी से नाराज कलराज मिश्र ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देने हुए पार्टी के अनुशासन में रहने की अपील की।
उधर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कथित तौर पर भाजपा की विजय संकल्प रैली का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। सुरजेवाला ने लिखा , ' कलराज मिश्र जी ने फरीदाबाद सांसद के विरोध में नारे लगाने वालों को धमकी भरे लहजे में कहा- “अगर यह उनका प्रदेश होता तो इस तरह गड़बड़ करने वालों को वह स्टेज से उतरकर गोली मार देते”। क्या ये है भाजपा का संदेश- सवाल पूछो तो गोली खाओ!
सुरजेवाला के इस ट्वीट पर कृष्णपाल गुर्जर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गुर्जर ने ट्वीट किया, ' झूठ की भी कोई सीमा होती है। इतने सफेद झूठ दिन दहाड़े बोल लिए हैं कि अब हर तरह के झूठ में एक्सपर्ट हो गए हैं। साफ साफ सुनाई दे रहा है, कलराज मिश्र जी ने कहा कि "अगर मेरा प्रदेश होता तो मैं नीचे उतर के वही बात करता"।
वहीं हरियाणा भाजपा प्रभारी कलराज मिश्र ने भी सुरजेवाला को जवाब दिया है। ट्विटर पर उन्होंने लिखा, ' कांग्रेस का जनता को मूर्ख बनाने का ताज़ा नमूना!  सूरजेवाला जी ऐसी ओछी हरकत आपको शोभा नही देती, जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं और जनता को बेवकूफ बनाना बंद करें। @rssurjewala सुनिये क्या कहा था "अगर मेरा प्रदेश होता तो मैं अभी नीचे उतर के वही बात करता"।
उधर, हरियाणा भाजपा ने भी रणदीप सुरजेवाला की कड़ी निंदा की है। हरियाणा भाजपा ने ट्वीट किया, ' सुरजेवाला जी यह जनता है कभी माफ नहीं करेगी। आप लोगों के पास देश और प्रदेश में कुछ मुद्दा नहीं है। आजकल टाइम भी बहुत है।  कम से कम अपनी वीडियो एडिटिंग टीम को तो बोलिए की वीडियो को ठीक ढंग से एडिट करें। लगता है जींद की हार से अभी तक आप उभरे नहीं हो।
बता दें कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी हो सकते हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना को 4.67 लाख मतों से हराया था।

More videos

See All