Congress Candidate list: कांग्रेस ने पांच प्रत्याशी घोषित किए, भाजपा में चर्चा तक नहीं

 
 छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से पांच के लिए कांग्रेस ने शनिवार आधी रात को प्रत्याशियों की घोषणा कर दी, जबकि भाजपा में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ को लेकर चर्चा तक नहीं हुई। कांग्रेस ने जिन सीटों से प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, उसमें सरगुजा लोकसभा से खेलसाय सिंह, रायगढ़ से लालजीत सिंह राठिया, बस्तर से दीपक बैज, कांकेर से बीरेश ठाकुर और जांजगीर से रवि भारद्वाज शामिल हैं। इसमें से तीन विधायक हैं, खेलसाय सिंह प्रेमनगर, लालजीत सिंह राठिया धर्मजयगढ़ और दीपक बैज चित्रकोट के विधायक हैं। ठाकुर भानुप्रतापपुर के पूर्व जनपद अध्यक्ष हैं, जबकि भारद्वाज पूर्व सांसद परसराम भारद्वाज के पुत्र हैं।
पांचों प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरें हैं। शनिवार शाम को कांग्रेस और भाजपा दोनों राजनीतिक दलों की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। कांग्रेस में बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव व अरुण उरांव उपस्थित थे। पुनिया और बघेल का कहना है कि सभी 11 सीटों के लिए सिंगल नाम तय कर लिए गए हैं, लेकिन जब एक-एक नामों की सूची केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने रखी, तो उन्होंने पांच नामों पर ही मुहर लगाई। छह सीटों के प्रत्याशियों के नाम रोक लिए।सरगुजा लोकसभा के प्रत्याशी मंत्री टीएस सिंहदेव की पसंद पर फाइनल किए गए। इसका कारण यह है कि सरगुजा की जिम्मेदारी सिंहदेव को ही दी गई है। रायगढ़ में मंत्री उमेश पटेल की पसंद का ध्यान रखा गया। बस्तर के प्रत्याशी चयन में पीसीसी अध्यक्ष बघेल की चली। वहीं, जांजगीर लोकसभा सीट के लिए सभी की राय लेने के बाद निर्णय लिया गया। कांकेर के ठाकुर को प्रत्याशी बनाने का कारण यह है कि वे वनाधिकार पट्टा और आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ते रहे हैं।

More videos

See All