लोकसभा चुनाव 2019: चुनाव को धरातल तैयार, धड़ेबाजी पर फिलहाल लगाम

 कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की देहरादून के परेड मैदान में हुई परिवर्तन रैली राज्य में कांग्रेस को कुछ सुकून देने वाली रही। भीड़ के लिहाज से भी और पार्टी नेताओं की धड़ेबाजी को थामने के हिसाब से भी। रैली में राज्यभर से कार्यकर्ताओं के साथ ही तीसरी और चौथी पांत के नेता भी जुटे। मंच पर भी सभी ने एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया। वहीं, रैली के जरिये राहुल गांधी ने न केवल चुनावी शंखनाद किया, बल्कि वह लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के लिए धरातल भी तैयार कर गए। अब इस पर जीत की इमारत खड़ी करने का जिम्मा प्रदेश संगठन पर है।
राहुल गांधी की इस बहुप्रतीक्षित परिवर्तन रैली को लेकर उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता लंबे समय से तैयारियों में जुटे थे। ब्लाक से लेकर जिला स्तर तक पदाधिकारियों को इसका जिम्मा सौंपा गया था। हालांकि, धड़ेबाजी से जूझ रही कांग्रेस को लेकर आशंका के बादल भी कम नहीं थे, लेकिन रैली के दौरान इस पर कुछ हद तक लगाम लगती दिखी। अपने संबोधन के दौरान राज्य में पार्टी के बड़े नेताओं ने न केवल एक दूसरे का स्वागत किया, बल्कि उनके कार्यों को सराहा भी। यही नहीं, वे एकजुटता का संदेश देने में भी कामयाब रहे। ये बात अलग है कि आने वाले दिनों में यह कितना असर कर पाती है।

More videos

See All