जोगी कांग्रेस को बड़ा झटका, 5 नेताओं ने पार्टी छोड़ी; कांग्रेस वापसी पर विवाद शुरू

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार जोगी कांग्रेस के पांच बड़े नेताओं की एक साथ कांग्रेस में वापसी हुई। मरवाही के लोहारी में हुई सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन्हें कांग्रेस प्रवेश कराया। सभी पांच नेताओं ने जोगी कांग्रेस से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मरवाही के कोटमी में ये लोग कांग्रेस से गए थे और मरवाही में ही ये लौटकर आ गए। सुबह का भूला अगर शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते। इन नेताओं के कांग्रेस में आने की चर्चा कुछ दिनों से सरगर्म थी।
इधर, कांग्रेस में भी इसका विरोध भी उभर आया है। वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ काम करने वाले नेताओं को दोबारा लाने से वे सहमत नहीं हैं।  मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, संतोष कौशिक, चंद्रभान बारमते, बृजेश साहू, पवन साहू और चैतराम साहू काे कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
इसके ठीक बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि हम तीन चौथाई बहुमत से जीतकर सत्ता में आए हैं। कुछ साथी गुमराह होकर पार्टी से चले गए थे। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उनकी सरकार बनेगी, लेकिन नहीं बनी। साथियों को अपनी गलती का एहसास हुआ। उन्होंने पार्टी में प्रवेश की इच्छा जताई थी।
यह पूछने पर कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि ऐसे लोगों को देख-परखकर लेना चाहिए, बघेल ने कहा कि सिंहदेव के बयान की उन्हें जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, जोगी कांग्रेस के इन नेताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुमति लेकर पार्टी में लिया गया है। कुछ और लोग कांग्रेस में आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें गुण-दोष के आधार पर लिया जाएगा। मरवाही को कांग्रेस का संगठन जिला भी बनाया जाएगा।
 

More videos

See All