कांग्रेस उत्तर प्रदेश में जनता के बीच जाकर तय करेगी अपना घोषणा पत्र

लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में उत्तर प्रदेश में दो राष्ट्रीय महासचिव को लगाने के साथ ही कांग्रेस हर स्तर पर बड़ा काम करने की तैयारी में है। कांग्रेस अब जनता के बीच अपना घोषणा पत्र तय करेगी। इससे पहले वह लोगों का मन टटोलेगी। स्थानीय कमेटियों से इस बारे में सुझाव देने को कहा गया है। किसानों व मजदूरों के मुद्दे के साथ स्थानीय समस्याओं को भी समाहित करने की तैयारी है। सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से प्रदेश को दो क्षेत्रों में विभाजित कर चुनावी तैयारी हो रही है। उसी तरह से कुछ स्थानीय मसलों को भी उभारा जाएगा। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में यह काम शुरू कर दिया है।
प्रभारियों की तैनाती अगले दो दिनों में पूरी हो जाएगी और इसके बाद प्रभारी महासचिवों के दौरे शुरू होंगे। प्रियंका गांधी अपने दौरों की शुरुआत वाराणसी या प्रयागराज से करेंगी। संगठनात्मक समीक्षा में जो क्षेत्र बच गए थे, उनको दिल्ली में पूरा किया जा रहा है। प्रमुख नेताओं को दिल्ली बुलाकर संगठन और सीटों की राजनीतिक स्थिति के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है। दिल्ली में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कल बुंदेलखंड के तीन लोकसभा क्षेत्रों हमीरपुर, जालौन और झांसी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात में संगठन को कैसे मजबूत व जनोन्मुखी बनाने और लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर मंत्रणा की। इससे पहले भी प्रियंका लखनऊ में बांदा के कांग्रेसजनों से वार्ता कर चुकी है। ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद व गौतमबुद्ध नगर संसदीय क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। 

More videos

See All