चुनाव के लिए भाजपा तैयार, कार्यसमिति ने भरी हुंकार

आम चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है। पार्टी ने चुनावी हुंकार भर दी है। इस सिलसिले में प्रदेश कार्यसमिति में सियासी रोडमैप बनाया गया, जिसका आगाज सोमवार से हो रहा है। इस दौरान सदन के भीतर सत्ता पक्ष विपक्ष पर आक्रामक रहेगा, वहीं संगठन सड़क पर चुनावी अभियान को गति देगा। हिमाचल में चारों सीटों पर फिर से कमल खिलाने का संकल्प लिया गया है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय कार्यक्रम तय कर लिए हैं। इसका पूरा रोडमैप तैयार कर इस पर सोमवार से ही अमल होगा। भाजपा कार्यसमिति की बैठक रविवार को शिमला में हुई। इसमें लिए निर्णयों की जानकारी देते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पत्रकारों को बताया कि लोकसभा चुनाव अभियान को तीव्र गति दी जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, मंत्रियों, विधायकों और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे सभी नेताओं ने भाग लिया। निर्णय लिया कि सोमवार (11 फरवरी) से चार मार्च तक प्रदेश में चुनावी अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका आगाज मुख्यमंत्री जयराम और सभी विधायक विधानसभा से करेंगे। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को प्रदेश में समर्पण दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
12 फरवरी से दो मार्च तक 'मेरा परिवार भाजपा परिवार' कार्यक्रम चलेंगे। इस दौरान सरकारी मकानों को छोड़ सभी नेता एवं कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों के घरों पर पार्टी का ध्वज लहराया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 24 फरवरी को 'मन की बात' सुनाएंगे। इसे हर बूथ पर कार्यकर्ता सुनेंगे। वहीं प्रधानमंत्री 28 फरवरी को 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन चुनावी पाठ पढ़ाएंगे। दो मार्च को सभी 68 हलकों में युवा मोर्चा बाइक और कार रैलियां निकालेगा। इस दौरान नेता ओपन कार में रैली की अध्यक्षता करेंगे। ऐसा रहेगा चुनावी अभियान कार्यक्रम
-11 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर समर्पण दिवस मनाया जाएगा।
 

More videos

See All