कोयलांचल में बहने लगी चुनावी बयार, आज संबित पात्रा की बारी

हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है। लेकिन, धनबाद कोयलांचल में चुनावी बयार तेजी से बहने लगी है। 3 फरवरी को बाघमारा के माथाबांध फुटबॉल ग्राउंड में कांग्रेस ने 'भाजपा हटाओ-देश बचाओ' रैली का आयोजन कर चुनावी शंखनाद किया था। इसके अगले ही दिन धनबाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने स्थापना दिवस पर केंद्र और राज्य से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। और अब पलटवार करने की बारी भाजपा की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा शनिवार को धनबाद में पार्टी की तरफ से चुनावी अभियान को दिशा प्रदान करेंगे। 
भारतीय जनता पार्टी का प्रबुद्ध सम्मेलन शनिवार को न्यू टाउन हॉल में आयोजित है। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा उपस्थित होंगे। संबित शनिवार को रांची से सड़क मार्ग द्वारा दोपहर एक बजे धनबाद पहुंचेंगे और तीन बजे तक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से ही रांची चले जाएंगे। प्रबुद्ध सम्मेलन के संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष हरी प्रकाश लाटा ने बताया कि इस कार्यक्रम में धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और बोकारो जिला के जिलाध्यक्ष, जिला परिषद, नगर परिषद, नगर निगम समेत अन्य जगहों का प्रतिनिधित्व कर कर रहे पार्टी नेता, क्षेत्र के चिकित्सक, अभियंता, साहित्यकार समेत तमाम प्रबुद्ध जन भाग लेंगे।

इनके अलावा धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह, गिरिडीह के रविंद्र पांडेय और कोडरमा के रविंद्र राय भी उपस्थित रहेंगे। उपरोक्त चार जिला में जितने भी भाजपा के विधायक हैं उन्हें भी इस कार्यक्रम में शामिल होना है। कार्यक्रम आयोजन की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि संबित पात्रा के संबोधन से भाजपा के लोग मिशन 2019 के लिए और भी मजबूत तरीके से खड़े होंगे। 

More videos

See All