त्यौहार की तरह हो रही प्रियंका के स्वागत की तैयारी, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एसपीजी का डेरा

मिशन यूपी का जिम्मा संभालने के लिए सोमवार को चार दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ रही राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का स्वागत त्यौहार की तरह करने में कांग्रेस कार्यकर्ता जुट गए है। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने प्रमुख नेताओं की बैठक मेें प्रियंका गांधी के रोड शो का मार्ग फाइनल करते हुए आसपास के जिलों से भीड़ जुटाने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद करने के लिए एसपीजी ने मुख्यालय में डेरा डाल दिया। साज सज्जा का काम भी तेजी से कराया जा रहा है।   

प्रियंका गांधी के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आ रहे है जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दोनों प्रभारियों को कार्यभार ग्र्रहण कराने के लिए आ रहे है। राहुल गांधी 11 फरवरी को हीे वापस लौट जाएंगे जबकि प्रियंका और सिंधिया 12, 13 व 14 फरवरी को भी लखनऊ में ही रहेंगे। दोनों अपने प्रभार वाले जिलों के प्रमुख नेताओं से मिलेंगे। सूत्र बताते है कि सभी 80 संसदीय क्षेत्रवार समीक्षा करने के साथ संभावित उम्मीदवारों के बारे में भी छानबीन होगी। तैयारियों में पिछड़ रही कांग्रेस बहुत तेजी से चुनावी अभियान शुरू करेगी। संभावना है कि उम्मीदवारों की पहली सूची इस माह जारी कर दी जाए।

More videos

See All