हाईकमान तय करेगा टिकट : कुलदीप राठौर

 लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों से 41 आवेदन प्राप्त हुए हैं और इन्हें कांग्रेस हाईकमान के पास भेज दिया है। टिकट किसे दी जाएगी यह हाईकमान ही तय करेगा। यह बात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने वीरवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा, संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति में यूथ कांग्रेस व एनएसयूआइ को तरजीह दी है। संगठन पदाधिकारियों का उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र व प्रदेश में सत्ता विरोधी रुझान का कांग्रेस को फायदा मिलेगा, इसलिए कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। इसके बाद उन्होंने नगरोटा बगवां और मटौर में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। कहा लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपना किसी चुनौती से कम नहीं है पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने जो विश्वास प्रकट किया है उस पर खरा उतरने की कोशिश की जाएगी।
कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि अनुशासन में रहते हुए समर्पित एवं निष्ठा के साथ पार्टी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएं। कार्यकर्ता के मन में अगर कोई बात है तो उसे पार्टी मंच पर रखें।  इस मौके पर जीएस बाली ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली हार का  लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को भारी भरकम बढ़त दिलाकर हिसाब चुकता किया जाएगा।

More videos

See All