रूपाणी और अल्पेश की मुलाकात से गरमाई गुजरात की सियासत

लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बाद भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने भी कांग्रेस पर गठबंधन का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। समझौता नहीं होने पर इनके स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की स्थिति में सीधा नुकसान कांग्रेस को होगा। कांग्रेस से नाराज चल रहे विधायक अल्पेश ठाकोर की सीएम विजय रूपाणी से मुलाकात से उनके पार्टी छोड़ने तक की अटकलें शुरू हो गई हैं। 
पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ क्षत्रिय नेता शंकर सिंह वाघेला के हाल ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद कांग्रेस पर राकांपा के साथ गठबंधन का दबाव बढ़ गया है। वाघेला ने विधानसभा चुनाव में भी जनविकल्प नामक मोर्चा बनाकर करीब सवा सौ उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाया था। कांग्रेस को दस से अधिक सीटों पर इससे नुकसान उठाना पड़ा था। कांग्रेस की ओर से गठबंधन से इनकार के बावजूद राकांपा के प्रमुख शरद पवार ने अहमदाबाद में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ही इस संबंध में फैसला कर सकते हैं और किसी के बयान का महत्व नहीं है।

More videos

See All