तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने गांधी जयंती के अवसर पर राज्य भर में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा की 'वेट्री पयनम तोट्टम' योजना के नए चरण का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत अब महिलाओं को राज्य परिवहन निगमों (STC) द्वारा संचालित एक्सप्रेस और डीलक्स श्रेणी की बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई में खुद बस सफर किया और महिलाओं के लिए मुफ्त टिकट भी काटे। इस दौरान बस में सफर कर रही कॉलेज छात्राओं ने सीएम को टिकट के बदले चॉकलेट भेंट की।
राज्य सरकार के अनुसार, इस योजना से प्रतिदिन लगभग 84.32 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। लाभार्थी राज्यभर की 12,695 बसों में बिना किसी शुल्क के यात्रा कर सकती हैं। इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरकार की ओर से कोई आय सीमा तय नहीं की गई है और न ही एक दिन में यात्रा करने की संख्या पर कोई प्रतिबंध लगाया गया है।
राज्य के परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने इस पहल के बारे में बताते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन लागत महिलाओं और ट्रांसजेंडरों की शिक्षा, रोजगार, आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण के मार्ग में कभी बाधा न बने। सरकार का यह कदम समाज में समानता को बढ़ावा देने और यात्रा के अधिकारों में किसी भी तरह के भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास है। इस महत्वाकांक्षी योजना का नाम सत्ताधारी दल तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) से प्रेरित है, जिसका शाब्दिक अर्थ 'विजयी यात्रा' होता है।





