बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के बनकट गांव में शुक्रवार सुबह एक पोखर में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब दस बजे कुछ बच्चे गांव के ही एक पोखर में नहाने गए थे। कुल 8 बच्चियां और 1 बच्चा इस दौरान स्नान कर रहे थे। इसी बीच, नहाते-नहाते चार बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बच्चों के शोर मचाने और पानी से बाहर आकर घर वालों को सूचना देने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
इस हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान प्रमोद महतो की दो बेटियों—सोनामती कुमारी (13) और फूलमती कुमारी (11), अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिमा कुमारी (7), तथा वीरेंद्र महतो की पुत्री कृति कुमारी (11) के रूप में हुई है। मृतका सोनामती छठी, फूलमती चौथी, कृति पांचवीं और प्रतिमा पहली कक्षा की छात्रा थीं। दो सगी बहनों की एक साथ मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्र तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध और शोक में डूबा हुआ है।





