आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विजय नगर कॉलोनी उस समय भारी सियासी हंगामे का केंद्र बन गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मूल निवास को घेर लिया। स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) की आड़ में लाखों पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने के गंभीर आरोपों के बीच, आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने CEC के घर के बाहर उग्र प्रदर्शन किया, दीवारों पर स्प्रे-पेंट से आपत्तिजनक शब्द लिखे और कालिख पोत दी।
कलेक्ट्रेट से लेकर आवास तक भारी हंगामा
सोमवार को हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव ने किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता पहले पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुँचे और अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कार्यकर्ताओं का जत्था सीधे विजय नगर स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर जा पहुँचा।
आवास के बाहर पहुँचते ही कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और CEC के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान मुख्य द्वार और बाहरी दीवारों पर स्प्रे-पेंट से विरोध स्वरूप शब्द लिखे गए और कालिख पोती गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि CEC के कार्यकाल के दौरान मतदाता सूचियों में किए गए सभी बदलावों और निर्णयों की एक स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष समीक्षा कराई जानी चाहिए।
वहीं, जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की आड़ में वैध नागरिकों का मताधिकार छीनना लोकतंत्र के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाना जनता के मौलिक व लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदर्शन में बड़े नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर हुए इस उग्र प्रदर्शन में कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से उमेश शर्मा, विक्रम बाल्मीकि, मनोज गौड़, आदित्य तिवारी, विपुल पाठक, बालवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, करण निषाद, राजा गौतम, नरेंद्र शर्मा, पंकज चौधरी, शैलेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित और संदीप सहित कई अन्य नेता शामिल थे।





